पंचायत चुनावों के मद्देनजर जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीणा IPS ने रूपवास थाना क्षेत्र का किया दौरा

भरतपुर / आगामी पंचायत चुनावों के मद्देनजर जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने तथा मतदाताओं में सुरक्षा एवं विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक भरतपुर राजेश कुमार मीणा (आईपीएस) ने रूपवास थाना क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने रूपवास थाने का निरीक्षण कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही पुलिस उप अधीक्षक कार्यालय (सीओ कार्यालय) में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की बैठक लेकर पंचायत चुनावों के दौरान शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने तथा असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि पंचायत चुनावों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना, मतदाताओं को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना तथा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सतर्कता एवं सक्रियता के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक परिस्थिति पर निगरानी रखने और प्राप्त शिकायतों एवं सूचनाओं पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जिला पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मीना (आईपीएस) ने उत्तर प्रदेश सीमा से जुड़े क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने, पंचायत चुनावों की समाप्ति तक सतत एवं प्रभावी नाकाबंदी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस गश्त एवं निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखा जाए, ताकि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अवांछित गतिविधि पर समय रहते कार्रवाई की जा सके। पंचायत चुनावों के मद्देनजर संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए। आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त पुलिस जाब्ता तैनात करने, नियमित गश्त करने और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप सुरक्षा योजना तैयार करने पर जोर दिया गया। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि प्रत्येक मतदाता को बिना किसी भय, दबाव अथवा अनुचित प्रभाव के अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर मिलना चाहिए। किसी भी व्यक्ति द्वारा मतदाताओं को डराने-धमकाने, अनुचित दबाव बनाने अथवा चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किए जाने पर नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए।उन्होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव संबंधी शिकायतों पर गंभीरता से संज्ञान लें तथा निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों तथा चुनाव के दौरान व्यवधान उत्पन्न करने की आशंका वाले व्यक्तियों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की हिंसा, धमकी, अवैध गतिविधि या शांति भंग करने के प्रयास को गंभीरता से लेते हुए विधिसम्मत कार्रवाई की जाए। दौरे के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रूपवास कस्बे में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया तथा क्षेत्र की परिस्थितियों के अनुरूप आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। इस अवसर पर सीओ रोहित श्रीवास्तव आरपीएस एवं रूपवास थानाधिकारी श्री विनोद मीणा पुलिस निरीक्षक सहित अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।


