सेंट जोसेफ विद्यालय, अल्फा-1 में गांधी-शास्त्री जयंती एवं भव्य शैक्षणिक प्रदर्शनी का आयोजन
हरवीर सिंह 9718976101

ग्रेटर नोएडा, 2 अक्टूबर 2026 (वेदांत करंट न्यूज़)। सेंट जोसेफ विद्यालय, सेक्टर अल्फा-1 में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं भारत रत्न से सम्मानित देश के द्वितीय प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री जी की जयंती राष्ट्रीय पर्व के रूप में धूमधाम से मनाई गई।

कार्यक्रम में प्रधानाचार्य फादर जिटसन पलाटी, मैनेजर फादर एंड्रयू कोरिया के साथ मुख्य अतिथि के रूप में आगरा से पधारे परम आदरणीय मुख्य धर्माध्यक्ष डॉ. राफी मांजली एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में भारतीय राजस्व सेवा अधिकारी (अप्रत्यक्ष कर उपायुक्त, IRS) सुश्री रुक्मिणी बैनर्जी ने अपनी उपस्थिति से विद्यालय परिवार को गौरवान्वित किया। सभी ने बापूजी एवं शास्त्री जी की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर प्रधानाध्यापिका सिस्टर प्रेमा, सिस्टर विजया एवं नवीं से बारहवीं कक्षा के समन्वयक श्री शाजी के. जे. ने भी प्रतिमा पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान “रघुपति राघव राजा राम, पतित पावन सीताराम” भजन तथा “जय जवान, जय किसान” के नारों से वातावरण देशभक्ति से ओत-प्रोत हो गया।

अपने संबोधन में सुश्री रुक्मिणी बैनर्जी ने सभी विद्यार्थियों, विशेषकर छात्राओं से कहा कि अपना लक्ष्य निर्धारित करें और निरंतर आगे बढ़ते रहें, सफलता एक दिन अवश्य मिलेगी। उन्होंने कहा कि सामान्य विद्यार्थी होना लक्ष्य प्राप्ति में बाधा नहीं है; कठिन परिश्रम असामान्य लक्ष्य को भी सामान्य बनाकर आपके समक्ष ला खड़ा करता है। वास्तविकता को स्वीकार करते हुए आडंबर की चमक को पहचानें और उससे दूर व सतर्क रहें।

मुख्य अतिथि डॉ. राफी मांजली ने अपने संदेश में कहा कि हम सभी एक ईश्वर की संतान हैं। हमें बिना द्वेष-भाव के एकजुट होकर एक ही सूत्र में बंधकर शिक्षा के चरम तक पहुंचना चाहिए और देश के उत्थान में सहायक बनना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत देशप्रेम से ओत-प्रोत नृत्य आदि कार्यक्रमों की सराहना की।
प्रदर्शनी का उद्घाटन

कार्यक्रम के दूसरे चरण में मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि ने फीता काटकर विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। यह प्रदर्शनी 20-22 कमरों के अतिरिक्त प्रार्थना सभा परिसर (खुले मैदान) तक फैली हुई थी। प्रदर्शनी में लगाए गए अधिकांश मॉडल कार्यशील (वर्किंग) थे, जिनकी अभिभावकों ने खूब सराहना की।
प्रदर्शनी में विषयवार प्रस्तुतियां इस प्रकार थीं : कला में हस्तकला, शिल्पकला एवं इसके अनुप्रयोग; सामाजिक विज्ञान में प्राचीन काल से वर्तमान काल तक समाज, विभिन्न शासक एवं बदलावों की झलक; अंग्रेजी में विषय परिचय सहित अंग्रेजी साहित्य का इतिहास; हिन्दी में आदिकाल से वर्तमान काल तक की यात्रा, प्रमुख लेखक-कवि एवं उनकी कृतियों का परिचय; गणित में आधारभूत जानकारी एवं अनुप्रयोग; विज्ञान में भौतिक, रसायन एवं जीव विज्ञान की आधारभूत जानकारी, विकास एवं अनुप्रयोग; कंप्यूटर विज्ञान में रोबोटिक्स, कंप्यूटर के अनुप्रयोग एवं आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI); वाणिज्य एवं बहीखाता में विषय की वास्तविकता से परिचय एवं जीवन में महत्व; अर्थशास्त्र में मूलभूत जानकारी से लेकर शेयर बाजार तक का परिचय एवं राष्ट्र को धनसंपन्न बनाने में औद्योगिक दक्षता की भूमिका।

आज कक्षा नर्सरी से पांचवीं तक के प्रथम सत्रीय परीक्षा परिणाम घोषित किए गए तथा अध्यापक-अभिभावक सभा भी आयोजित हुई, इसलिए केवल पांचवीं तक के अभिभावक उपस्थित रहे। दिनांक 3 अक्टूबर 2026 को कक्षा 6 से 12वीं तक के विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम दिए जाएंगे एवं अध्यापक-अभिभावक बैठक होगी, अतः यह प्रदर्शनी कल भी निरंतर जारी रहेगी।



