Blog

दादरी पुलिस ने किया बड़ा अपराध दबंग पक्ष का साथ देकर पीड़ित परिवार किया हवालात में बंद

दादरी में महिला की जमीन पर कब्जे का आरोप, दीवार तोड़कर मकान हड़पने की धमकी; पीड़िता ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार

दादरी। दादरी क्षेत्र में जमीन विवाद का एक गंभीर मामला सामने आया है। जैतून नामक महिला ने अपने पड़ोसी भानू प्रकाश शर्मा पर जमीन पर अवैध कब्जा करने, मकान की दीवार तोड़ने और परिवार को लगातार धमकाने के आरोप लगाए हैं। पीड़िता का कहना है कि वैध दस्तावेज और रजिस्ट्री होने के बावजूद उसे अपने ही मकान में रहने के लिए परेशान किया जा रहा है।

जैतून के अनुसार, भगत फार्म के सामने खसरा नंबर 1589 में करीब 750 वर्ग गज जमीन उसके नाम पर है, जिसकी वर्ष 2017 में रजिस्ट्री कराई गई थी। उक्त जमीन पर उसका आवास बना हुआ है, जिसमें कमरे और बाथरूम आदि बने हैं। वह लंबे समय से परिवार के साथ वहां रह रही है। उसके पास रजिस्ट्री, बिजली का बिल सहित जमीन और मकान से संबंधित सभी दस्तावेज मौजूद हैं।

पीड़िता का आरोप है कि पड़ोसी भानू प्रकाश शर्मा, जिनका वहां तेजस्वी फार्म हाउस बताया जा रहा है, दीवार तोड़कर जमीन पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे हैं। पीड़िता के मुताबिक, पड़ोसी ने वर्ष 2025 में इसी खसरा नंबर में करीब 200 वर्ग गज जमीन खरीदने का दावा करते हुए उससे पूरी जमीन खाली करने का दबाव बनाया। जबकि महिला का कहना है कि उसकी 750 वर्ग गज जमीन की अलग रजिस्ट्री है और वह अपने हिस्से पर वैध रूप से काबिज है।

जैतून का कहना है कि आरोपी पूर्व में पुलिस में रह चुका है, जिसके चलते वह लगातार डरा-धमका रहा है। आरोप है कि वह धमकी देता है कि थाने में उसकी अच्छी चलती है, कोई उसका कुछ नहीं बिगाड़ सकता और वह पीड़िता व उसके बच्चों को झूठे आरोप में जेल भिजवा देगा।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि कुछ समय पहले हिंदू वाहिनी के कुछ लोगों को बुलाकर उस पर दबाव बनाने की कोशिश की गई थी। उसने उनसे भी स्पष्ट कहा था कि वह किसी के मकान में किरायेदार नहीं है, बल्कि अपनी रजिस्टर्ड जमीन पर बने मकान में रह रही है।

महिला का आरोप है कि जब उसने पुलिस से शिकायत करने की बात कही तो उसे डराया-धमकाया गया। पुलिस को बुलाने की बात कहने पर उसे और उसके परिवार को परेशान किया गया तथा कथित रूप से कुछ समय के लिए हिरासत में भी रखा गया। पीड़िता ने आरोप लगाया कि उसे मुस्लिम समाज से होने को लेकर भी अपमानजनक बातें कही गईं और लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है।

जैतून का कहना है कि वह पिछले करीब दो वर्षों से इस विवाद के चलते परेशान है। उसे अपने परिवार और बच्चों की सुरक्षा की चिंता सता रही है। पीड़िता ने प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, जमीन के दस्तावेजों का सत्यापन कराने, अवैध कब्जे के प्रयास पर रोक लगाने तथा उसे और उसके परिवार को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Harveer Singh

पत्रकार हरवीर सिंह राष्ट्र का निष्पक्ष दर्पण भ्रष्टाचार के खिलाफ आर पार / खबरों के साथ-साथ खुलासे भी परित्राणाय साधुनाम् यही हमारा मूल कार्य धर्म की रक्षा के लिए पूरे देश में टीम जिला तहसील लेवल पर गठित की जा रही है उसके बाद अन्य देशों में भी अपनी

Related Articles

Back to top button