Blog
Trending

दीपावली पर्व पर बाजारों की सुरक्षा एवं सुगम यातायात के लिए पुलिस महानिरीक्षक ने व्यापार मंडल के साथ की बैठक

भरतपुर / धनतेरस एवं दीपावली सहित आगामी पांच दिवसीय पर्व के दौरान भरतपुर शहर में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने, बाजारों की सुरक्षा तथा सुगम यातायात सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस महानिरीक्षक, भरतपुर रेंज डॉ प्रीति चंद्रा की अध्यक्षता में आईजी कार्यालय सभागार में शहर के व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। जिसमें पुलिस अधीक्षक भरतपुर राजेश मीणा भी उपस्थित रहे। पुलिस महानिरीक्षक ने व्यापारियों द्वारा दिए गए सुझावों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक भरतपुर को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए । पुलिस महानिरीक्षक कहा कि ने नई मंडी से स्टेशन रोड तक जाम वाले स्थानों पर पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। प्रातः 11 बजे से रात्रि 8 बजे तक बाजारों में रहने वाली भीड़ को ध्यान में रखते हुए व्यापार मंडल, परिवहन संघ एवं प्रशासन के समन्वय से मालवाहक वाहनों के प्रवेश तथा माल चढ़ाने-उतारने के लिए समय एवं स्थान निर्धारित किए जाएं। उन्होंने बैरिकेडिंग की समीक्षा कर अनावश्यक बैरिकेड हटाने तथा आपातकालीन वाहनों के आवागमन के लिए मार्ग खुले रखे जाने के निर्देश दिए।
उन्होंने निर्देश दिए कि परिवहन विभाग के समन्वय से विशेष अभियान चलाकर ई-रिक्शा चालकों की आयु, चालक अनुज्ञप्ति तथा वाहनों के आवश्यक दस्तावेजों की जांच की जाए। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
उन्होंने कहा नगर निगम, व्यापार मंडल एवं संबंधित संचालकों से समन्वय कर आवागमन में बाधा बनने वाले रेहड़ी-ठेलों को नियमानुसार उपयुक्त वैकल्पिक स्थलों पर व्यवस्थित कराया जाए। प्रतिष्ठान संचालकों से वार्ता कर दुकानों के बाहर रखे जाने वाले सामान को निर्धारित सीमा के भीतर रखवाया जाए, ताकि बाजारों में पैदल आवागमन बाधित नहीं हो। पुलिस महानिरीक्षक कहा कि ने प्रमुख बाजारों, सर्राफा क्षेत्रों, चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। नियमित पैदल एवं मोबाइल गश्त कराई जाए तथा आवश्यकता के अनुसार सादे वस्त्रों में भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए। चेतक, सिग्मा एवं अन्य गश्ती दल स्थानीय व्यापारियों के संपर्क में रहें। प्रमुख स्थानों पर आवश्यकतानुसार निगरानी मीनार स्थापित कर वायरलेस एवं अन्य आवश्यक संसाधनों से युक्त पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। उन्होंने व्यापार मंडल एवं प्रतिष्ठान संचालकों के सहयोग से प्राथमिकता वाले स्थानों पर अतिरिक्त सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा खराब कैमरों को शीघ्र दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस महानिरीक्षक ने पुलिस अधीक्षक भरतपुर को व्यापार मंडल एवं संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर सभी व्यवस्थाओं की स्वयं समीक्षा करने के निर्देश दिए, ताकि दीपावली पर्व के दौरान आमजन सुरक्षित वातावरण में खरीदारी कर सकें तथा शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में व्यापारियों ने नई मंडी से स्टेशन रोड तक लगने वाले जाम, व्यस्त समय में मालवाहक वाहनों के आवागमन, बाजारों में रेहड़ी-ठेलों एवं दुकानों के बाहर रखे सामान से होने वाली परेशानी तथा कुछ स्थानों पर बैरिकेडिंग के कारण आवागमन बाधित होने की समस्याओं से अवगत कराया। व्यापारियों ने नाबालिगों द्वारा ई-रिक्शा चलाने, आवश्यक दस्तावेजों के बिना ई-रिक्शा संचालन तथा बाजारों में सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता भी बताई। साथ ही पर्व के दौरान लूट एवं छीनाझपटी की घटनाओं की रोकथाम के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने का सुझाव दिया।

BHIM SINGH RAJPUT

Bhim Singh Rajput is a journalist and photojournalist associated with Vedant Current News. He covers local news, social issues, government activities, crime, education, and public interest stories with a focus on accurate and timely reporting.

Related Articles

Back to top button