
भरतपुर / जिला निर्वाचन अधिकारी कमर चौधरी ने पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत जिले के सभी मतदाताओं से निर्धारित मतदान तिथियों पर अपने मताधिकार का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करने की अपील की है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने अपनी अपील में कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतांत्रिक देश है तथा लोकतंत्र की वास्तविक शक्ति आम नागरिकों के मत में निहित है। निष्पक्ष एवं शत-प्रतिशत मतदान संवैधानिक अधिकार के साथ-साथ प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी भी है। मतदान के माध्यम से ही मतदाता अपनी पसंद के योग्य जनप्रतिनिधि का चयन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंचायत राज आम चुनाव-2026 के तहत तृतीय चरण में पंचायत समिति वैर, बयाना, भुसावर एवं नदबई में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान 3 नवम्बर, मंगलवार को तथा पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान 5 नवम्बर, गुरुवार को होगा। इसी प्रकार चतुर्थ चरण के तहत पंचायत समिति उच्चैन, सेवर एवं रूपवास में जिला परिषद सदस्य एवं पंचायत समिति सदस्य के लिए मतदान 14 नवम्बर, शनिवार को तथा पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान 16 नवम्बर, सोमवार को निर्धारित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि सभी मतदान दिवसों पर मतदान का समय प्रातः 7 बजे से सायं 6 बजे तक रहेगा। मतदाता मतदान के लिए फोटोयुक्त मतदाता पहचान पत्र के अतिरिक्त भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अनुमोदित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त पहचान दस्तावेजों में से कोई एक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे। इनमें आधार कार्ड, मनरेगा जॉब कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, पासपोर्ट, पेंशन दस्तावेज, बैंक एवं पोस्ट ऑफिस की फोटोयुक्त पासबुक, सांसदों एवं विधायकों को जारी प्रमाण-पत्र, केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जारी सर्विस पहचान-पत्र, श्रम मंत्रालय द्वारा जारी स्वास्थ्य बीमा कार्ड तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा जारी दिव्यांग पहचान पत्र शामिल हैं। उन्होंने युवा, महिला, दिव्यांग, बुजुर्ग सहित सभी आयु वर्ग के मतदाताओं से अपील की कि वे अपने दैनिक कार्यों को प्राथमिकता से व्यवस्थित कर निर्धारित मतदान दिवस पर उत्साहपूर्वक मतदान करें। साथ ही अपने आस-पड़ोस, मित्रों एवं रिश्तेदारों को भी मतदान के लिए प्रेरित करें, ताकि जिले में अधिकाधिक मतदान सुनिश्चित हो सके। जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक वोट अमूल्य है। सभी मतदाता अपनी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए लोकतंत्र को सशक्त बनाने तथा भरतपुर जिले का मान बढ़ाने में योगदान दें।



