
एस्टर कालेज ऑफ एजुकेशन, ग्रेटर नोएडा में स्काउट गाइड कैम्प का समापन
ग्रेटर नोएडा स्थित एस्टर कालेज ऑफ ऐजुकेशन में पाँच दिवसीय स्काउट गाइड शिविर का समापन आज दिनांक 12.03.2025 को मुख्य अतिथि डॉ0 शैलेंद्र सिंह, जाइडेस्क कंपनी के सी0ओ0ओ0 द्वारा किया गया। इसमें छात्रों को प्राथमिक उपचार, विभिन्न राज्यों के रहन-सहन, वेशभूषा, टेंट आदि के संबंध में बताया गया। जिला संगठन स्काउट आयुक्त श्री शिवकुमार एव जिला संगठन गाइड आयुक्त शैफाली गौतम ने बताया कि स्काउट गाइड का मुख्य उद्देश्य छात्रों मे सहयोग एवं भावात्मक एकता का विकास करना है। प्रतिकूल परिस्थितियो में लोगों की सहायता करना हर स्काउट का कर्तव्य है। समापन के अवसर पर छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न प्रदेशों की वेशभूषा धारण की गयी व सास्ंकृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गये, साथ ही बताया गया कि आपात स्थिति में किस प्रकार टेंट लगाये जाते है। साथ ही छात्रों को टेंट के लाभ के विषय में बताया गया। इसमें छात्रों को ग्यारह टोलियों में विभाजित किया गया था। छात्रों ने अलग-अलग प्रदेश केरल, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, पश्चिम बंगाल, गोवा, महाराष्ट्र व गुजरात, आदि का चयन करके उसके अनुसार वेशभूषा, खानपान व अपने टेंट को सजाया, मुख्य अतिथि ने छात्रों से उस राज्य के विषय में प्रश्न भी पूछे जिसके छात्रों ने उत्साहपूर्वक उत्तर दिये। महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो0 (डॉ0) सीमा शर्मा ने बताया कि शिक्षक प्रशिक्षण सिर्फ पठन-पाठन करने वाला पाठ्यक्रम नही है, बल्कि इसमें वह सभी गतिविधिया कराई जाती है जो भविष्य में एक सफल और प्रभावी शिक्षक बनने के लिए आवश्यक है। इस शिविर के माध्यम से छात्रों को निस्वार्थ भाव से समाज की उन्नति के लिये समर्पित होने, बिना किसी भेदभाव के प्रत्येक की सेवा तथा सहायता करने जैसी भावनाओं को विकसित करने का प्रयास किया जाता है। इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ0 शैलेंद्र सिंह जी, श्री शिव कुमार जी, जिला संगठन कमिश्नर(स्काउट), गौतम बुद्ध नगर एवं श्रीमति शैफ़ाली जी, जिला संगठन कमिश्नर (गाइड), गौतम बुद्ध नगर एवं महाविद्यालय के समस्त प्रवक्तागण डॉ० अमिता, डॉ0 ह्रदेश शर्मा, डॉ0 शालिनी जौहर, अर्चना सिंह, प्रतिमा श्रीवास्तव, डॉ0 संगीता सिंह, राजेश कुमार,मोमिता डे एवं संदीप शर्मा आदि उपस्थित रहे।



